ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: January 29, 2026 01:38 PM IST
  • Updated: January 29, 2026 01:40 PM IST
उत्तराखंड

उत्तराखंड में रोजगार की सौगात: 1035 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान 1035 नवनियुक्त सहायक अध्यापकों (प्राथमिक शिक्षा) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान सीएम ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य में पिछले साढ़े चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा का अवसर मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि पुलिस विभाग में कांस्टेबल के दो हजार पदों पर जल्द होने वाली भर्ती के साथ ही राज्य में सरकारी नौकरियों का कुल आंकड़ा 30 हजार को पार कर जाएगा। सीएम ने नवनियुक्त शिक्षकों को याद दिलाया कि उन पर उत्तराखंड के भविष्य को गढ़ने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
नकल माफियाओं पर प्रहार करते हुए सीएम धामी ने स्पष्ट संदेश दिया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने हालिया विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं के हित में सीबीआई जांच की संस्तुति की है। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि अकेले शिक्षा विभाग में साढ़े चार साल में 11,500 नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और 3500 पदों पर प्रक्रिया जारी है।
समारोह में राज्य के सभी 13 जिलों से आए प्रतिनिधियों को प्रतीक स्वरूप नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें दून की कृतिका रानी, पौड़ी के राजेंद्र सैनी और नैनीताल की दीया राजपूत समेत अन्य शिक्षक शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से अपील की कि वे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को संस्कारयुक्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग करें।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×