ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: May 02, 2026 05:31 PM IST
अपराध

पुल के नीचे हेलमेट पहने युवक का शव मिला , आत्महत्या की आशंका

पौड़ी। जिला पौड़ी के  सतपुली क्षेत्र में पुल के नीचे एक युवक का हेलमेट पहने संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। मौके पर पहंुची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया है।
 पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सतपुली थाना क्षेत्र में रायपुर गांव के पुल के नीचे युवक का शव मिला है। युवक ने हेलमेट पहना हुआ था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ व फायर सर्विस की टीम की मदद से शव को उतारा गया। इसके साथ ही मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था। एफएसएल टीम ने मौके पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय चिकित्सालय कोटद्वार भेज दिया, जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जा रहा है। मृतक की शिनाख्त पंकज कुमार (उम्र लगभग 20 वर्ष) निवासी रैतपुर सतपुली (पौड़ी गढ़वाल) के रूप में हुई है। घटना ने नया मोड़ तब लिया जब युवक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में युवक ने सतपुली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
मृतक युवक अपनी बाइक से बहुत प्यार करता था और बाइक चलाने का बड़ा शौकीन भी था। वहीं परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने युवक की बाइक सीज कर दी थी और उसी वजह से वो लगातार मानसिक रूप से परेशान चल रहा था, जिसके चलते शायद उसने इस तरह का कदम उठाया है।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम को पुलिस ने पंकज को पकड़़ा था। आरोप है कि पंकज नशे की हालत में बाइक चला रहा था। इसीलिए पुलिस ने चालान करते हुए उसकी बाइक सीज कर दी थी। परिजनों का कहना है कि पंकज अपनी बाइक से बेहद लगाव रखता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। परिजनों ने बताया कि शनिवार सुबह पंकज बिना बताए घर से निकल गया था। परिजनों ने उसे काफी ढूंढा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। पंकज की मां पुष्पा का कहना है कि जब वह घर की छत पर गईं तो उन्हें पुल के नीचे एक युवक का शव दिखाई दिया। आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर टीम ने शव को नीचे उतारा।
 युवक ने वीडियो में पुलिस पर जो आरोप लगाए है, उसे पुलिस ने गंभीरता से लिया है। पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पौड़ी सर्वेश पंवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार को सौंप दी है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×