रविवार को देहरादून में सुबह से शाम तक सड़कों पर भीषण जाम रहा। सुबह के समय शुरू हुआ यातायात संकट शाम तक भी नहीं थमा और प्रशासन जाम से राहत दिलाने में नाकाम रहा।
वीकेंड होने के कारण दून से ऋषिकेश तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लच्छीवाला टोल प्लाजा पर भी भारी भीड़ रही, जिससे वाहन रेंगते हुए चले और स्थानीय लोगों से लेकर पर्यटकों तक सभी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ऋषिकेश में पर्वतीय क्षेत्रों से दिल्ली–हरियाणा की ओर लौट रहे पर्यटकों के कारण यातायात का दबाव लगातार बढ़ता रहा। हाईवे पर किलोमीटरों लंबी वाहन कतारें देखी गईं।
दून शहर में भी सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही। न तो सड़कों पर लगा बाजार हटाया जा सका और न ही ट्रैफिक को सुचारू कराया जा सका। रविवार का अवकाश होने के बावजूद सड़कें पूरे दिन जाम से जूझती रहीं।
रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित मेले और आसपास के क्षेत्रों में लगी दुकानों ने भी ट्रैफिक को प्रभावित किया। फुटपाथ और सड़कों पर दुकानें सजी रहने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति और बिगड़ गई।
लैंसडौन चौक, दर्शनलाल चौक, घंटाघर, चकराता रोड, राजपुर रोड, मसूरी मार्ग सहित शहर के अधिकांश इलाकों में दिनभर जाम लगा रहा। परेड ग्राउंड के आसपास की सड़कों पर भी घंटों वाहन फंसे रहे। दो मिनट की दूरी तय करने में लोगों को आधे घंटे से अधिक समय लग गया।
छोटे वाहनों से लेकर दोपहिया वाहन चालक तक जाम में घंटों फंसे रहे। वहीं, कांग्रेस के कार्यक्रम के चलते राजपुर रोड और आसपास के क्षेत्रों में भी यातायात बाधित रहा।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik