देहरादून। एसएससी द्वारा आयोजित कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (टियर-1) ऑनलाइन परीक्षा में नकल का प्रयास करने वाले एक अभ्यर्थी को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया। जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना मंगलवार को महादेवी इंटर कॉलेज परिसर स्थित महादेव डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र में सामने आई।
जानकारी के अनुसार परीक्षा केंद्र पर सुबह 8:30 बजे से परीक्षार्थियों का प्रवेश शुरू हुआ था। प्रथम पाली की परीक्षा 10 बजे से 11 बजे तक प्रस्तावित थी। हरियाणा निवासी अभ्यर्थी दीपक पुत्र विजेंद्र प्रारंभिक चेकिंग के बाद परीक्षा कक्ष में पहुंच गया था। कुछ देर बाद वह बाथरूम जाने के बहाने कक्ष से बाहर आया, लेकिन वापस लौटने पर दोबारा की गई चेकिंग में उसके पास से इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस बरामद की गई।
पूछताछ में दीपक ने खुलासा किया कि यह डिवाइस परीक्षा केंद्र में सपोर्टिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत लकी सिंह ने उसे नकल कराने के लिए उपलब्ध कराई थी। साथ ही उसके परिचित जैश द्वारा ब्लूटूथ के माध्यम से परीक्षा के उत्तर बताए जाने थे।
पुलिस ने दीपक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वादी श्री भगवान की तहरीर पर कोतवाली नगर में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वहीं लकी सिंह और जैश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
दीपक पुत्र विजेंद्र, निवासी ग्राम भैंसरो खुर्द, तहसील सांपला, जिला रोहतक (हरियाणा)
बरामदगी:
01 इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik