ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: November 08, 2025 01:24 PM IST
उत्तराखंड

रात में ड्यूटी को निकला युवक बना तेंदुए का शिकार, ग्रामीणों में दहशत

मानव–वन्यजीव संघर्ष नहीं थम रहा: नाइट ड्यूटी पर जा रहे कर्मी पर तेंदुए का हमला, अस्पताल में चल रहा इलाज

उत्तरकाशी। उत्तराखंड में मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार शाम एक और घटना में तेंदुए ने सड़क से गुजर रहे व्यक्ति पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2025 की शाम करीब 6:40 बजे मुस्टिकसोड मोटर मार्ग पर मंजुल पानी के समीप यह घटना घटी। श्री सोनपाल राणा, पुत्र श्री धन सिंह राणा, निवासी ग्राम मस्ताड़ी, बड़ागाड़ी (उप तहसील जोशियाड़ा), अपनी स्कूटी से घर से उत्तरकाशी आपातकालीन परिचालन केंद्र में नाइट ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।

स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर तेंदुए को भगाया और घायल सोनपाल राणा को तत्काल जिला अस्पताल उत्तरकाशी पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित क्षेत्राधिकारी (आरओ) मुखेम रेंजर को अवगत कराया गया और वन विभाग की टीम को मौके पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों से उत्तरकाशी समेत राज्य के कई क्षेत्रों में तेंदुओं की सक्रियता और हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और तेंदुओं की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×