ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: December 15, 2025 11:26 AM IST
उत्तराखंड

सेलाकुई में परफ्यूम फैक्टरी में भीषण आग, सिलिंडर धमाकों से कांपा औद्योगिक क्षेत्र, दो कर्मचारी झुलसे

दो कर्मचारी झुलसे, 14 दमकल वाहनों की मदद से पांच घंटे बाद आग पर काबू

सेलाकुई (देहरादून)। औद्योगिक क्षेत्र की अकबर कॉलोनी के पास स्थित श्री बालाजी इंडस्ट्रीज की परफ्यूम निर्माण इकाई में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि फैक्टरी परिसर में रखे गैस सिलिंडरों के एक के बाद एक धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस को दोपहर करीब 1:50 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पीडी भट्टी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय फैक्टरी में मौजूद 10 से 12 कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल चुके थे। घटना मेंदो कर्मचारी मामूली रूप से झुलस गए, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

धमाकों से बाधित हुआ राहत कार्य

सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग की तीव्रता और लगातार हो रहे सिलिंडर धमाकों के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना रहा। आग की ऊंची लपटें पास में स्थित सीट कवर बनाने वाली फैक्टरी और डिक्सन कंपनी के गोदाम तक पहुंचने लगीं, जिससे आग के फैलने का खतरा और बढ़ गया।

पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे एसपी देहात ने सेलाकुई के साथ-साथ देहरादून, ऋषिकेश, विकासनगर और हरिद्वार से भी दमकल वाहन मंगवाए।14 अग्निशमन वाहनोंकी मदद से करीब पांच घंटे दस मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद शाम लगभग सात बजे आग पर काबू पाया जा सका। हरिद्वार से मंगवाए गए दो वाहन प्रयोग में लाने से पहले ही आग नियंत्रित कर ली गई।

फैक्टरी का सामान जलकर राख, जांच शुरू

आग की चपेट में आकर फैक्टरी में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×