उधमसिंहनगर। काशीपुर में पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख हरदीप सिंह की गोली लगने से मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हरदीप सिंह 38 वर्ष के थे और कुंडा थाना क्षेत्र के गोरा फार्म में 11 सितंबर की रात गोली लगने से घायल हुए थे। इलाज के दौरान हरदीप सिंह ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने संदीप सिंह, उसकी पत्नी और मां को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं। मृतक की मां की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, संदीप सिंह ने हरदीप से उसे गोरा फार्म स्थित घर छोड़ने के लिए कहा था। साथ ही पैसे लेने की बात भी कही गई थी। आरोप है कि संदीप के घर पहुंचने के बाद षड्यंत्र के तहत हरदीप सिंह को गोली मार दी गई। देर रात करीब एक बजे संदीप सिंह ने हरदीप की मां को फोन कर बेटे को गोली लगने की जानकारी दी। इसके बाद गंभीर हालत में हरदीप को काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहंा इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। काशीपुर सीओ प्रशांत कुमार के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरदीप और संदीप पुराने मित्र थे। दोनों घटना से पहले कहीं बाहर पार्टी करने के बाद संदीप के घर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, घर पर भी शराब का सेवन किए जाने की बात सामने आई है। दोनों के नशे में होने की जानकारी भी जांच में मिली है। पुलिस फिलहाल घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों और विवाद की वजह पता लगाने में जुटी है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियार, घटनास्थल की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik