हरिद्वार। गणेश चतुर्थी के दिन आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने कथित तौर पर चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर खुद को गम्भीर रूप से घायल कर लिया। दिनदहाड़े हुई घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने स्वयं ही चाकू से अपनी गर्दन पर वार किया है।
सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया और तत्काल अपनी गाड़ी से उसे अस्पताल पहुंचाया। गंगनहर कोतवाली के एसएसआई दीप कुमार और कांस्टेबल प्रभाकर थपलियाल ने घायल युवक को समय रहते अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को प्राथमिक उपचार दिया। प्रारंभिक जांच में गर्दन की सांस की नली और नस कटने की बात सामने नहीं आई। हालांकि युवक की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे निगरानी में रखा। बताया गया कि युवक काफी हरकत कर रहा था, जिसके बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे एम्स रेफर कर दिया। फिलहाल युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही घटना के कारणों की जांच कर रही है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik