ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: February 07, 2026 01:03 PM IST
  • Updated: February 07, 2026 01:04 PM IST
उत्तराखंड

पहाड़ों में फिर बर्फ की उम्मीद: 9 फरवरी से बदलेगा मौसम, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड की वादियां एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर ओढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने 9 फरवरी से प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। अगर मौसम का यह पूर्वानुमान सही रहा तो उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियां दोबारा बर्फ से ढक सकती हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार 9 से 11 फरवरी के बीच एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

हालांकि फरवरी के पहले सप्ताह में मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। 11 फरवरी तक मैदानी जिलों में भी मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

दिन में धूप, सुबह-शाम बढ़ी ठंड

इन दिनों मौसम का उतार-चढ़ाव लोगों की सेहत पर असर डाल रहा है। दिन में तेज धूप निकल रही है, जबकि सुबह और शाम ठंड का असर बना हुआ है। तापमान में इस बदलाव के कारण अस्पतालों में सर्दी, जुकाम और वायरल से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों को इस मौसम में खास सावधानी बरतने की जरूरत है।

मैदानी इलाकों में कोहरे की चेतावनी

हरिद्वार और उधम सिंह नगर समेत मैदानी जिलों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। इससे सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सतर्कता से वाहन चलाने की सलाह दी है।

फसलों के लिए राहत बन सकती है बारिश-बर्फबारी

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगर हल्की बारिश और बर्फबारी होती है तो यह रबी की फसलों और बागवानी के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। इस सीजन में अब तक सामान्य से कम बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। 23 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बर्फबारी हुई थी, लेकिन उसके बाद मौसम शांत बना रहा।

अब सबकी निगाहें 9 फरवरी पर टिकी हैं। अगर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ तो पहाड़ एक बार फिर बर्फ की चमक से जगमगा सकते हैं।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×