देहरादून। राज्य के लाखों राशनकार्ड धारकों के लिए राहत भरी खबर है। यदि आप किसी कारणवश दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 का राशन नहीं ले पाए हैं, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि छूटा हुआ राशन अब फरवरी माह के कोटे के साथ उपलब्ध कराया जाएगा।
अपर खाद्य आयुक्त पी.एस. जंगपांगी ने बताया कि राज्य में कुल 23 लाख से अधिक राशनकार्ड धारक हैं। इनमें से करीब 75 प्रतिशत उपभोक्ताओं को राशन मिल चुका है, जबकि शेष लाभार्थियों को अब फरवरी के वितरण के साथ दिसंबर और जनवरी का राशन भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक ऑनलाइन वितरण प्रणाली में यह व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की गई है, ताकि पात्र उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। फोर्टिफाइड चावल की उपलब्धता न होने के कारण पिछले कुछ समय में राशन वितरण में देरी हुई थी, लेकिन अब आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो गई है।
खाद्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र उपभोक्ता अपने हक के राशन से वंचित न रहे। यदि किसी को राशन लेने में दिक्कत आती है, तो वह अपने क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक या जिला पूर्ति अधिकारी से संपर्क कर सकता है।
सरकार की इस पहल से हजारों परिवारों को राहत मिलेगी और फरवरी माह में उन्हें एक साथ तीन महीने का राशन मिल जाएगा।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik