देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेशविला रोड स्थित सेंट एंग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के 9वें संस्करण में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्रों को परीक्षा को जीवन की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में समझने और अपने लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन अब केवल स्कूली परीक्षा की चर्चा नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है। उन्होंने अपने स्कूल जीवन के अनुभव साझा करते हुए छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भाग लेने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने छात्रों से कहा कि परीक्षा एक अवसर है, जिसमें धैर्य, शांति और आत्मविश्वास के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए।
उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उनकी तुलना दूसरों से न करें।
इस वर्ष देशभर में ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के अंतर्गत चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पंजीकरण किया, जिससे पूर्व का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने जा रहा है। उत्तराखंड से इस वर्ष लगभग 7 लाख विद्यार्थी, 53 हजार से अधिक शिक्षक और 14 हजार अभिभावक जुड़ चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या केवल 2 लाख 98 हजार थी।
राज्य के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए 10 प्रेरक वीडियो में से एक वीडियो राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुआ है। यह वीडियो राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाला कुराली, विकासखंड जखोली, रुद्रप्रयाग के छात्र रोहन सिंह राणा द्वारा तैयार किया गया है। रोहन सिंह राणा को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में दिल्ली बुलाया गया है।
कार्यक्रम में महानिदेशक शिक्षा दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik