ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: July 19, 2026 01:11 PM IST
अपराध

अफीम की खेंप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

रुद्रपुर।देर रात रिंग रोड पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने  बैरियर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2.18 किलोग्राम अफीम बरामद की है। दोनों ही तीनपानी में बिरयानी की दुकान लगाने वाले कारोबारी के कहने पर अफीम की खेप पहुंचाने जा रहे थे।
पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन बारिश के कारण बाइक फिसल गई और दोनों मौके पर ही दबोच लिए गए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर उन्हें जेल भेज दिया है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि शनिवार देर रात शिव मंदिर के पास फ्लाईओवर के पास कोतवाल प्रकाश दानू, एसओजी प्रभारी उमेश कुमार, बगवाड़ा चैकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल, एसआइ मनोज जोशी पुलिस और एसओजी के साथ बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान करतारपुर की ओर से बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए।पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। तेज बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा होने से बाइक रपट गई। जिसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपितों ने अपना नाम मूलरूप से बहेड़ी बरेली और हाल ट्रांजिट कैंप निवासी झनकार सिंह और बरखेड़ा पीलीभीत और हाल ट्रांजिट कैंप निवासी आकाश वर्मा बताया।उनकी तलाशी में झनकार सिंह के बैग से 1.077 किलोग्राम तथा आकाश वर्मा के बैग से 1.105 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पूछताछ में उन्होंने बताया कि बरामद अफीम उन्हें मुजफ्फर अंसारी नामक व्यक्ति ने दी थी, जिसकी तीनपानी क्षेत्र में बिरयानी की दुकान है।
अफीम की यह खेप उन्हें फ्लाईओवर के पास किसी अज्ञात व्यक्ति तक पहुंचानी थी। बाद में पुलिस ने आरोपितों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर जेल भेज दिया है। साथ ही बिरयानी कारोबारी की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। जिसके बाद आरोपित की भी गिरफ्तारी कर अफीम कहां से लाई गई थी, इसकी जानकारी जुटाई जाएगी।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×