पिथौरागढ़। साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए इधर-उधर पहुंचाने वाले म्यूल अकाउंट गैंग पर जिले की बेरीनाग पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। साइबर सेल पिथौरागढ़ और बेरीनाग पुलिस की संयुक्त जांच में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस जांच में चार बैंक खातों में 3.03 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध धनराशि के लेनदेन का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान ऐसे बैंक खातों का पता चला, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधियों की ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में स्थानांतरित करने और रकम के वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए किया जा रहा था।
प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार के नेतृत्व में जांच की गई। जांच में सामने आया कि प्रवीण कुमार निवासी हल्द्वानी के बैंक खाते में 27 लाख 80 हजार 944 रुपए और कविंद्र कुमार निवासी नैनीताल के खाते में 1 करोड़ 58 लाख 61 हजार 948 रुपए की संदिग्ध धनराशि क्रेडिट हुई थी। दोनों आरोपियों की उम्र 24 वर्ष है। पुलिस ने दोनों को बेरीनाग क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली बेरीनाग में धारा 318 (4)/61(2) बीएनएस और धारा 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik