ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: November 20, 2025 04:18 PM IST
उत्तराखंड

नन्दा देवी राजजात से पूर्व सरपोली–नौटी डोली यात्रा 1–2 दिसंबर 2025 को आयोजित होगी

हिमालयी सचल महाकुंभ श्री नन्दा देवी राजजात से पूर्व इस वर्ष पहली बार सरपोली से नौटी तक नन्दा देवी डोली यात्रा का आयोजन 1 और 2 दिसंबर 2025 को होने जा रहा है। परंपरागत मान्यता के अनुसार, भगवती नन्दा ने सरपोली मंदिर में अवतरित होकर डोली को नन्दा धाम नौटी ले जाकर पूजन एवं दर्शन कराने का निर्देश दिया, जिसके बाद यह यात्रा निश्चित की गई।

तैयारियों को मिला अंतिम रूप

श्री नन्दा देवी मंदिर समिति सरपोली के अध्यक्ष शंकर सिंह राणा ने श्री नन्दा देवी मंदिर समिति नौटी, श्री नन्दा देवी राजजात समिति और स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। बैठक में श्री राजेन्द्र सिंह रावत, श्री भुवन नौटियाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यात्रा का विस्तृत मार्ग

अध्यक्ष राणा ने बताया कि डोली यात्रा 1 दिसंबर को सरपोली (हिंदाव पट्टी, भिलंगना विकासखंड, टिहरी गढ़वाल) से प्रारंभ होकर हुलानाखाल, मूलगढ़, मयाली, तिलवाड़ा, रुद्रप्रयाग और कर्णप्रयाग होते हुए नौटी पहुँचेगी।
रात्रि में नौटी मंदिर में जागरण और विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की जाएगी।

2 दिसंबर की सुबह हवन और प्रसाद वितरण के बाद करीब 11 बजे डोली वापस सरपोली के लिए प्रस्थान करेगी।

300 से अधिक भक्त होंगे सहभागी

इस यात्रा में सरपोली क्षेत्र से 300 से अधिक नन्दा भक्त शामिल होंगे। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली के जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग को सूचित कर दिया गया है।

नौटी क्षेत्र में उत्साह का माहौल

अध्यक्ष राणा ने बताया कि सरपोली की विश्वनाथ जगदीश शिला डोली यात्रा इससे पूर्व भी चार बार नन्दा देवी मंदिर नौटी पहुँच चुकी है। इस बार की यात्रा को लेकर नौटी एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

शिष्टमंडल के सदस्य

यात्रा की तैयारियों में सरपोली से श्री कर्ण सिंह पंवार, श्री साहिबसिंह कैन्तुरा, श्री तिरेपन सिंह राणा, श्री सुमेर सिंह कैन्तुरा, श्री शिवसिंह, श्री जीतसिंह तथा श्री राजेंद्र सिंह नेगी शामिल रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×