ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: May 16, 2026 05:26 PM IST
उत्तराखंड

रविवार से मदमहेश्वर धाम के कपाट खुलने की प्रक्रिया होगी शुरू

रुद्रप्रयाग। पंचकेदारों में द्वितीय केदार के रूप में पूजित मदमहेश्वर धाम के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए खुलने की पावन प्रक्रिया रविवार से विधिवत आरम्भ होगी। बाबा मद्महेश्वर के कपाटोद्घाटन को लेकर सम्पूर्ण मद्महेश्वर घाटी और ऊखीमठ क्षेत्र भक्तिमय रंग में रंग चुका है।
भगवान मद्महेश्वर के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर में रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और पारम्परिक पूजा-अर्चना के बीच चल विग्रह उत्सव मूर्तियों को गर्भगृह से निकालकर सभा मंडप में विराजमान कराया जाएगा। इस दौरान स्थानीय श्रद्धालु भगवान को नए अनाज का भोग अर्पित करेंगे, जो समृद्धि और शुभता का प्रतीक माना जाता है।
मंदिर समिति के अनुसार आगामी 19 मई को भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली पारम्परिक रीति-रिवाजों, ढोल-दमाऊं और स्थानीय वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच कैलाश यात्रा के लिए धाम को रवाना होगी। डोली यात्रा के दौरान राकेश्वरी देवी, गौंडार और बंतोली सहित विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालु पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ भव्य स्वागत करेंगे। जगह-जगह महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और ग्रामीण धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर यात्रा को भव्य स्वरूप देंगे।
ओंकारेश्वर मंदिर प्रभारी विजेंद्र बिष्ट ने बताया कि कपाटोद्घाटन को लेकर मंदिर समिति, हक-हकूकधारियों और स्थानीय प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आगामी 21 मई को शुभ मुहूर्त में वैदिक परम्पराओं और विधि-विधान के साथ बाबा मद्महेश्वर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×