देहरादून। मौसम विभाग ने देहरादून सहित उत्तराखंड के छह से अधिक पर्वतीय जिलों के लिए आगामी 9 अक्टूबर तक बारिश का येलो अलर्ट किया है। इसके साथ ही, उत्तराखंड के 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों, जैसे केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बड़ी बर्फबारी का दौर भी शुरू हो चुका है, जो आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में ठिठुरन को और बढ़ा देगा।
प्रशासन ने इस बदलते मौसम को देखते हुए विशेष रूप से चारधाम यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पर्वतीय मार्गों पर तेज बारिश और बिजली कड़कने के कारण भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए यात्रियों को बेहद सतर्क रहने और केवल सुरक्षित स्थानों पर ही रुककर यात्रा आगे बढ़ाने की सलाह दी गई है।
इससे पहले बीते रोज देहरादून में जमकर बारिश हुई। देहरादून में तेज हवाओं के कारण शहर के कुछ हिस्सों में पेड़ों की शाखाएं गिरने और बिजली के तार टूटने की छिटपुट घटनाएं भी सामने आई। जिन्हें दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। बहरहाल, प्रकृति के इस बदले हुए मिजाज ने देहरादून को एक बार फिर अपनी उस पुरानी पहचान से रूबरू करा दिया है। जिसके लिए यह शहर दुनिया भर में जाना जाता है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, यह अचानक आया बदलाव किसी मानसूनी सिस्टम का हिस्सा नहीं है, क्योंकि उत्तराखंड से मानसून की आधिकारिक विदाई पहले ही हो चुकी है। दरअसल, उत्तर-पश्चिम भारत में एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हुआ है, जिसका सीधा असर उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी इलाकों पर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने पहले ही इस बात की चेतावनी जारी की थी कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में मौसम का मिजाज बदलेगा।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik