ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: October 29, 2025 11:21 AM IST
उत्तराखंड

जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, शादी के पांच माह बाद मौत से मचा हड़कंप

बेरीनाग (पिथौरागढ़): विकास खंड बेरीनाग के कफलटा गांव निवासी 32 वर्षीय युवक हरीश टम्टा का शव थल मार्ग के बरसायत जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, कफलटा सेलावन निवासी हरीश टम्टा दीपावली पर घर आया था। 25 अक्टूबर को दीपावली मनाने के बाद उसने अपनी पत्नी सीता को मायके भंडारीगांव छोड़ने के बाद ड्यूटी पर लौटने की बात कही थी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया और वह लापता हो गया। काफी खोजबीन के बावजूद जब कुछ पता नहीं चला तो 26 अक्टूबर को उसकी पत्नी ने बेरीनाग थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस और ग्रामीण लगातार तलाश कर रहे थे। सोमवार देर शाम बरसायत जंगल में एक पेड़ से लटका शव दिखाई देने पर सूचना पुलिस को दी गई।

बेरीनाग कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरीश कोंरगा और 112 हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ से नीचे उतारकर पहचान कराई, जो हरीश टम्टा के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को सीएचसी बेरीनाग भेजा, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया जा रहा है कि हरीश रुद्रपुर की एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था। उसकी पांच माह पूर्व ही शादी हुई थी। पत्नी संविदा नर्स हैं। घटना से गांव में शोक की लहर है।

एसएसआई हरीश कोंरगा ने बताया कि युवक की जेब से एक मोबाइल बरामद हुआ है। मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मोबाइल की डिटेल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच आगे बढ़ाने की बात कही है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×