ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: June 18, 2026 12:06 PM IST
अपराध

ब्रेक फेल होने से खाई में गिरा टेंपो ट्रैवलर,दो महिलाओं की मौत,27 घायल,कई घायलों की हालत गंभीर

नैनीताल। बुधवार देर शाम कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर लाल मिट्टी के पास  ब्रेक फेल होने से टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि चालक समेत 27 लोग घायल हो गए। सभी आपस में रिश्तेदार हैं। मृतक महिलाओं के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मेरठ के इस्लामाबाद काला फैक्टरी इलाके के रहने वाले आपस में रिश्तेदार कई परिवारों ने मिलकर नैनीताल घूमने का प्लान बनाया था। सभी ने दिनभर नैनीताल में बोटिंग की। शाम को जब वे वापस लौट रहे थे तभी कालाढूंगी से ठीक पहले अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। एसटीएच में भर्ती घायल चालक नईम ने पुलिस को बताया कि ब्रेक फेल होते ही उसने गाड़ी को नियंत्रित करने का पूरा प्रयास किया। गाड़ी की रफ्तार बढ़ती देख उसमें सवार 29 लोगों की सांसें अटक गईं। कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग के आखिरी प्रिया बैंड के पास नईम ने गाड़ी रोकने के लिए उसे डिवाइडर से टकराया लेकिन रफ्तार तेज होने के कारण डिवाइडर टूट गया और वाहन सीधे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे बैठे लोग आगे की ओर आ गए जिससे शीशा टूटा और दोनों महिलाएं खाई में गिर गईं। पीछे मौजूद लोगों ने उनका हाथ थामने की कोशिश भी की लेकिन वे उन्हें बचा नहीं सके।

हादसे के बाद धमोला निवासी अजय और जैक्सन स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि मौके पर चीखपुकार मची हुई थी और महिलाएं व बच्चे बेहद डरे हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से गाड़ी में फंसे 27 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे। अजय और जैक्सन ने तत्परता दिखाते हुए अपनी ही कार से घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया जबकि कुछ अन्य घायलों को एंबुलेंस के जरिये अस्पताल लाया गया। एसटीएच के चिकित्सक डॉ. दीपक जोशी के अनुसार, अस्पताल में कुल 21 घायलों को लाया गया है जिनमें 9 महिलाएं, 10 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं। इनमें से आधा दर्जन यात्रियों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं जिनका सीटी स्कैन कराया गया है। फिलहाल सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। 
ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×