ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: July 24, 2026 04:53 PM IST
राज्य

टीचर ने काटे छात्रों के बाल और ब्लेड से फाड़े कपड़े,अभिभावकों ने की जांच की मांग

अल्मोड़ा। सल्ट क्षेत्र स्थित सरकारी इंटर कॉलेज (जीआईसी) बांगीधार में एक चैंकाने वाली घटना सामने आई है। भूगोल विषय की प्रवक्ता आरजू अफरोज अंसारी पर 12वीं कक्षा के पांच छात्रों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का आरोप लगा है। आरोप है कि शिक्षिका ने अनुशासनहीनता के बहाने छात्रों के बाल कैंची से काट दिए, उनके गणवेश पर ब्लेड से वार किए और नोटबुक के पेज फाड़ दिए। घटना बीते बुधवार को हुई, जिसने पूरे क्षेत्र में आक्रोश की लहर पैदा कर दी।
प्रभावित छात्रों के अभिभावकों का कहना है कि अनुशासन बनाए रखने के नाम पर बच्चों के साथ यह व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है। शिक्षिका ने न केवल शारीरिक रूप से छात्रों को ठेस पहुंचाई, बल्कि उनके मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित किया। घटना की सूचना मिलते ही अभिभावक, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता विघालय पहुंचे। उन्होंने शिक्षिका के कृत्य की कड़ी निंदा की और उनकी तत्काल बर्खास्तगी तथा दंड की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को कलंकित करता है।
हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रवक्ता आरजू अफरोज अंसारी ने प्रधानाचार्य राजेंद्र बगोरिया को लिखित माफी पत्र सौंपा। इसमें उन्होंने भविष्य में ऐसी घटना न दोहराने का आश्वासन दिया। इसके बाद वह आवश्यक कार्य का हवाला देकर अवकाश पर चली गईं, जिससे विवाद और बढ़ गया।
वहीं स्थानीय एसडीएम रिंकू बिष्ट ने अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों के आक्रोश को देखते हुए तुरंत जांच समिति गठित कर दी है। समिति को सभी तथ्यों की बारीकी से जांच कर 26 जुलाई तक रिपोर्ट प्रधानाचार्य को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने बताया कि फिलहाल पीड़ित छात्रों के अभिभावकों की ओर से कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×