ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: November 14, 2025 11:28 AM IST
उत्तराखंड

टनकपुर: मुख्यमंत्री धामी ने किया “सहकारिता मेला 2025” का शुभारंभ, चंपावत को दी ₹8810.90 लाख की विकास योजनाओं की सौगात

टनकपुर: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को टनकपुर स्थित गांधी मैदान में ‘अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025’ के उपलक्ष्य में सहकारिता विभाग उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित “सहकारिता मेला” का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया और विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि आपसी सहयोग, सामाजिक समरसता और सामूहिक विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “सहकारिता आंदोलन राज्य की आर्थिक प्रगति की रीढ़ है, जिससे किसान, युवा और महिलाएँ आत्मनिर्भर बन सकते हैं।” उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को सहकारिता की भावना को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुँचाने की सराहनीय पहल बताया।

मंच से मुख्यमंत्री ने सहकारिता विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के कृषकों को प्रोत्साहन स्वरूप चार कास्तकारों को ₹1–1 लाख के चेक प्रदान किए और उन्हें अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनपद चंपावत के लिए ₹8,810.90 लाख की 08 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें ₹2,478.56 लाख की 03 योजनाओं का लोकार्पण और ₹6,332.34 लाख की 05 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। लोकार्पित परियोजनाओं में ग्राम नायकगोठ से हनुमानगढ़ी-खेतखेड़ा-थ्वालखेड़ा मोटर मार्ग पर बने 125 मीटर स्पान आर्च मोटर सेतु, चंपावत के आंतरिक संपर्क मार्गों का हॉट मिक्स द्वारा सुधार कार्य तथा कुमाऊँनी शैली में निर्मित कलेक्ट्रेट भवन शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने तहसील कार्यालय चंपावत भवन निर्माण कार्य एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY) के तहत वाटरशेड विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि “ये परियोजनाएँ चंपावत के समग्र विकास को नई दिशा देंगी, कृषि एवं ग्रामीण आजीविका को मजबूत करेंगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।”

इस अवसर पर दायित्वधारी श्री श्याम नारायण पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोविंद सामंत सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×