ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: September 16, 2026 01:27 PM IST
अपराध

सपा नेता की दिन दहाड़े गोली मारकर की हत्या

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित हंडिया में सपा जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन यादव की बाइक सवार तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सीसीटीवी के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बीती शाम समाजवादी पार्टी के नेता तथा पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हंडिया थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात को बाइक सवार तीन हमलावरों ने अंजाम दिया। गोली लगने के बाद गंभीर हालत में पवन यादव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस स्थान पर वारदात हुई, वह हंडिया थाने से करीब 500 मीटर के दायरे में बताया जा रहा है। सरेराह हुई हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि मुंगराव गांव निवासी पवन यादव समाजवादी पार्टी के गंगापार जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान थे। बीती शाम वह हंडिया थाना क्षेत्र के कर्मनाशा इलाके में कुछ लोगों से मिलने के बाद अपनी कार की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे। रिपोर्टों के अनुसार, दो हमलावरों ने हेलमेट पहन रखा था। बाइक धीमी होते ही पीछे बैठे हमलावर ने पवन यादव पर गोली चला दी। गोली उनकी पीठ में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग के बाद हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा—तफरी मच गई। गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल पवन यादव को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें दूसरे अस्पताल और फिर ’’स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन)’’ रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पवन यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में उनके समर्थक और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अस्पताल और मोर्चरी पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली है। रिपोर्टों के अनुसार फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×