ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: September 08, 2026 01:41 PM IST
अपराध

पानीवाला बैंड के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे खाई में व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप

देहरादून। मंगलवार सुबह देहरादून-मसूरी मार्ग पर  पानीवाला बैंड के समीप सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव सड़क से करीब 200 मीटर नीचे नदी के समीप पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे सूचना मिली कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के निकट सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी है और नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है।  सूचना मिलते ही कोल्हूखेत चैकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।तबतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि अजय मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे।  मौके पर मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई। पुलिस को मौके पर सड़क पर एक कार खड़ी मिली। कार के अंदर से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन बरामद हुआ। शव गहरी खाई में होने के कारण एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। मौके पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि शव को खाई से बाहर निकालकर पंचायतनामा की कार्रवाई की गयी। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×