देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित बिल्डर और उद्योगपति सुधीर विंडलास को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। करोड़ों रुपये के कथित जमीन घोटाले मामले में करीब 22 महीने से जेल में बंद विंडलास को मंगलवार को देश की सर्वोच्च अदालत ने जमानत प्रदान की है।
यह विवाद देहरादून के जोहरी गांव की जमीन से जुड़ा है। शिकायतकर्ता संजय सिंह ने आरोप लगाया था कि सुधीर विंडलास और उनके सहयोगियों ने फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर उनकी मां और दिवंगत भाई के नाम की जमीन अपने नाम ट्रांसफर करवा ली। प्रारंभिक शिकायत राजपुर थाने में दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी थी।
CBI ने दिसंबर 2023 में सुधीर विंडलास को गिरफ्तार किया था। तब से वे न्यायिक हिरासत में थे। उनकी जमानत याचिका तीन बार उत्तराखंड हाईकोर्ट में खारिज हो चुकी थी। अंततः मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां से उन्हें राहत मिल गई।
सीबीआई इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, और अब ट्रायल प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इस प्रकरण में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी जांच कर रही है। ईडी ने विंडलास की संपत्तियों की जांच के दौरान करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति अटैच की है। एजेंसी यह पता लगा रही है कि कथित जमीन सौदे में मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू तो शामिल नहीं हैं।
सुधीर विंडलास उत्तराखंड के प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर और उद्योगपति हैं। उनकी कंपनी विंडलास डेवलपर्स लिमिटेड (Windlass Developers Ltd) राज्य में कई बड़े आवासीय और वाणिज्यिक प्रोजेक्ट्स चला चुकी है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik