देहरादून। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उत्तराखंड की प्रतिष्ठित DIT यूनिवर्सिटी पर SC-ST छात्रवृत्ति घोटाले के मामले में अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत ईडी ने विश्वविद्यालय के चेयरमैन अनुज अग्रवाल को नोटिस जारी करते हुए 10 दिनों के भीतर देहरादून स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने, आवश्यक दस्तावेज देने और अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने कुछ समय पहले इस घोटाले से जुड़े मामलों में विशेष पीएमएलए कोर्ट, देहरादून में चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें वर्धमान एजुकेशनल सोसाइटी, उसके चेयरमैन शरद गुप्ता, अन्य पदाधिकारियों और हरिद्वार सामाजिक कल्याण विभाग के अधिकारियों के नाम शामिल थे।
जांच में खुलासा हुआ कि SC-ST छात्रों के लिए जारी की जाने वाली छात्रवृत्ति के वितरण में गंभीर अनियमितताएँ हुईं और बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा सामने आया।
ईडी की नोटिस में DIT यूनिवर्सिटी से छात्रों की छात्रवृत्ति से जुड़े वित्तीय लेन-देन, दस्तावेज, रिकॉर्ड और फंड के उपयोग से संबंधित संपूर्ण विवरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।
एजेंसी अब धन के प्रवाह और संभावित मनी लॉन्ड्रिंग की गहन जांच कर रही है, जिसकी वजह से शिक्षा जगत में खलबली मच गई है।
DIT यूनिवर्सिटी के चेयरमैन अनुज अग्रवाल ने नोटिस की पुष्टि करते हुए कहा—
“ईडी से हमें नोटिस मिला है। जो भी जानकारी मांगी गई है, वह उपलब्ध कराएंगे। यह एक रूटीन प्रक्रिया है। ऐसे कई संस्थानों को नोटिस भेजा गया होगा। हम जांच में पूरी तरह सहयोग करेंगे और मांगा गया सारा रिकॉर्ड उपलब्ध कराएंगे।”
ईडी की इस कार्रवाई ने छात्रवृत्ति घोटाले की जांच को नए मोड़ पर पहुंचा दिया है। आने वाले दिनों में एजेंसी की अगली कार्रवाई और जांच की दिशा पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik