ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: December 06, 2025 12:23 PM IST
राज्य

“देशभक्ति को किया सलाम: सीएम धामी ने शहीद सैनिकों के परिवारों को सम्मानित किया”

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सहस्त्रधारा रोड स्थित एक होटल में आयोजित उत्तराखंड अनन्य सम्मान कार्यक्रम में शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके परिवारों का संघर्ष और देश के प्रति अटूट निष्ठा हम सभी के लिए प्रेरणा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड वीरभूमि के रूप में जानी जाती है और लगभग हर परिवार का सदस्य सेना या अर्धसैनिक बलों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने शहीद आश्रितों की अनुग्रह राशि 10 लाख रुपए से बढ़ाकर 50 लाख रुपए कर दी है।

इसके अलावा, वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों और बलिदानियों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित करने का निर्णय लिया गया है। नौकरी के लिए आवेदन की अवधि भी 2 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बलिदानियों के आश्रितों के लिए नौकरी पूर्व प्रशिक्षण, पुत्री विवाह अनुदान, निःशुल्क बस यात्रा जैसी योजनाएँ भी संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून के गुनियाल गांव में भव्य सैन्य धाम का निर्माण हो रहा है, जो उत्तराखंडी लोगों के लिए एक पावन स्थल होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना को अत्याधुनिक संसाधनों से लैस किया जा रहा है और भारत अब रक्षा सामग्री के निर्यात में शीर्ष देशों में शामिल है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, जी न्यूज के मैनेजिंग एडिटर राहुल सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×