ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 02, 2026 08:54 PM IST
  • Updated: March 02, 2026 08:56 PM IST
उत्तराखंड

होली-रमजान से पहले रामनगर में खाद्य विभाग की सख्ती, पीरूमदारा के दर्जनभर प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, नमूने जांच को भेजे

आगामी त्योहारों होली और रमजान को ध्यान में रखते हुए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने रामनगर क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी है। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर पीरूमदारा क्षेत्र में किराना और मिठाई के एक दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दो विक्रेताओं से गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर गुजिया और मैदा के एक-एक खाद्य नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निरीक्षण में प्रतिष्ठान स्वामियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही बेचें, बिना बिल के खरीद न करें, स्टॉक रजिस्टर का सही विवरण रखें तथा खाद्य सामग्री के भंडारण और विक्रय में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों की नियमित साफ-सफाई, कीटाणुनाशक दवाओं का छिड़काव करने और बाजार में रंग-बिरंगी मिलावटी कचरी का विक्रय न करने के भी निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि जहां भी खाद्य मिलावट की आशंका हो, तुरंत विभाग को सूचना दें ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×