ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: February 28, 2026 11:34 PM IST
  • Updated: March 01, 2026 09:51 PM IST
उत्तराखंड

रामनगर में अतिक्रमण पर पालिका की बड़ी कार्रवाई: 25 पर कार्यवाही, ठेलियां-सामान जब्त, जुर्माना भी वसूला

शहर में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण पर शनिवार को नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। पालिका की टीम ने अस्पताल को जाने वाली सड़क और रानीखेत रोड क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई लोग अपना सामान और ठेलियां समेटते हुए मौके से भागते नजर आए।
अभियान की जानकारी देते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल ने बताया कि जिलाधिकारी और रामनगर एसडीएम गोपाल सिंह चौहान के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कई अतिक्रमणकारियों के सामान और ठेलियां जब्त की गईं तथा कुल 25 लोगों के खिलाफ कार्रवाई दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि चार अतिक्रमणकारियों के चालान कर 2000 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पालिका ने सड़क पर अतिक्रमण करने वाले लोगों को चेतावनी दी है कि वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा नगर पालिका द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में प्रधान सहायक आनंद सांगा, स्वास्थ्य निरीक्षक लल्ला मियां सहित नगर पालिका की टीम मौजूद रही।
नगर में यातायात और सार्वजनिक सुविधा को सुचारु रखने के लिए प्रशासन की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×