ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: June 16, 2026 04:45 PM IST
राज्य

सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर बिछड़ी बुजुर्ग महिला को पुलिस ने परिजनों से मिलाया


हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दौरान हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच  हरियाणा के पानीपत निवासी एक 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला अपने परिजनों से बिछड़ गई। हरिद्वार पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण महिला को सकुशल उनके परिवार से मिलवा दिया गया। परिजनों से मिलने के बाद महिला की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, ईशवंती देवी उम्र 72 वर्ष, निवासी पानीपत, हरियाणा, सोमवती अमावस्या के अवसर पर अपने परिवार के साथ हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए आई थी। विष्णु घाट क्षेत्र में स्नान के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण वह अपने परिजनों से बिछड़ गईं। काफी देर तक परिवार के लोग उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने बुजुर्ग महिला को सुरक्षित खोज लिया। महिला आसपास घाटों पर परेशान होकर भटक रही थी। इसके बाद तत्काल पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से लगातार उनके संबंध में सूचना प्रसारित कराईं।
एसपी सिटी अभय सिंह के निर्देश पर सीसीआर भवन में बने खोया पाया केंद्र के माध्यम से भी महिला के परिजनों की तलाश शुरू की गई। आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और कुछ ही समय बाद महिला की परिजन सरोज और रेखा गुप्ता सीसीआर पहुंच गईं। आवश्यक कार्रवाई के बाद ईशवंती देवी को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। काफी देर तक बिछड़ने के कारण डरी और परेशान दिख रही ईशवंती देवी अपने परिजनों को सामने देखकर भावुक हो उठीं। उनके आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। उन्होंने पुलिसकर्मियों का हाथ जोड़कर धन्यवाद किया और कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी बड़ी भीड़ में वह इतनी जल्दी अपने परिवार से मिल पाएंगी. वहीं, परिजनों ने भी हरिद्वार पुलिस की तत्पर कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।
एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि बुजुर्ग महिला के परिजनों बिछड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सकुशल खोज लिया था और परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजन महिला को लेकर अपने गंतव्य को रवाना हो गए। 

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×