हरिद्वार। 25 जून को निर्जला एकादशी स्नान पर्व, 26 जून को मोहर्रम का अवकाश तथा इसके बाद वीकेंड है। इसको देखते हुए प्रशासन ने भी 25 से 28 जून तक हरिद्वार में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना जताई है।
पुलिस की ओर से जारी किए गए यातायात प्लान के अनुसार यातायात का दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को जिले की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पंजाब, हरियाणा, नजीबाबाद, ऋषिकेश और देहरादून से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। भीड़ बढ़ने की स्थिति में नगला इमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग एवं होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा। यातायात प्लान के अनुसार चीला मार्ग का उपयोग केवल ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों की निकासी के लिए किया जाएगा। वहीं, गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन, सिंहद्वार और शंकराचार्य चैक के माध्यम से शहर में वाहनों की नियंत्रित एंट्री कराई जाएगी ताकि मुख्य मार्गों पर दबाव कम रहे। दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
यातायात का दबाव बढ़ने पर बड़े वाहनों को लक्सर-जगजीतपुर मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा। नजीबाबाद और मुरादाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर-श्यामपुर-चंडी चैकी मार्ग से शहर में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि बड़े वाहनों को गौरीशंकर एवं नीलधारा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लालजीवाला, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है।
भीड़ के दौरान ऑटो और विक्रम वाहनों की आवाजाही पर भी विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे। यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में जयराम मोड़, रानीपुर मोड़ और देवपुरा क्षेत्र में चरणबद्ध डायवर्जन लागू किया जाएगा। ललतारो पुल से शिवमूर्ति चैक तक सभी प्रकार के ऑटो, विक्रम और टैक्सी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने बताया कि 24 जून की रात्रि 10 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
वहीं, 25 जून को सुबह तीन बजे से दिल्ली-मुजफ्फरनगर मार्ग से आने वाली बसों एवं बड़े यात्री वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से शहर के भीतरी क्षेत्रों में वाहन लेकर प्रवेश करने से बचें। सुनियोजित यातायात व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम गंगा स्नान का अवसर उपलब्ध कराया जा सकेगा।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik