ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 16, 2026 06:02 PM IST
  • Updated: March 16, 2026 06:03 PM IST
उत्तराखंड

हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश: महिलाओं के जाल में फंसाकर लूटते थे लोग, अश्लील वीडियो से 50 लाख की फिरौती मांगने वाला गिरोह गिरफ्तार

ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड में “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नानकमत्ता क्षेत्र में महिलाओं के जरिए हनीट्रैप कर लोगों को लूटने और ब्लैकमेल करने वाले खतरनाक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने इस गैंग के चार पुरुष और दो महिलाओं समेत कुल छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। महिलाएं पहले फोन पर मीठी-मीठी बातें कर शिकार को भरोसे में लेती थीं और फिर मिलने के बहाने सुनसान स्थान पर बुला लेती थीं।

मीठी बातों में फंसाकर बुलाया और बना लिया बंधक

घटना 14 मार्च 2026 की रात की है। पीड़ित को फोन कर महिलाओं ने मिलने का बहाना बनाया और उसे नानकमत्ता के मच्छी झाला क्षेत्र में बुला लिया। जैसे ही वह अपनी हुंडई i-10 कार से वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे गिरोह के सदस्यों ने उसे घेर लिया।

आरोपियों ने पीड़ित को जबरन कार से उतारकर भड़ाभुड़िया क्षेत्र के एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया। वहां उसके साथ मारपीट की गई, कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाया गया और उसे वायरल करने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की कोशिश की गई।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित से नकदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और उसकी कार भी लूट ली और मौके से फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, छह आरोपी गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। 15 मार्च को मुखबिर की सूचना पर डैम बंदे क्षेत्र में घेराबंदी कर एक हुंडई i-10 कार को रोका गया। कार में सवार तारा सिंह, राजेंद्र सिंह उर्फ राजू और दो महिलाएं गुरमीत कौर व सीमा कौर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बाद में गिरोह के दो अन्य सदस्य रमन सिंह और गुरविंदर सिंह उर्फ डिम्पल को भी नानकमत्ता के वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र के पास से मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया।

कई राज्यों में फैला था गिरोह का नेटवर्क

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

  • लूटी गई हुंडई i-10 कार

  • करीब 9750 रुपये नकद

  • सोने की अंगूठी

  • एटीएम कार्ड और दस्तावेज

  • मोबाइल फोन

  • वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल

बरामद की है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने भी महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था। इसके कई सदस्यों के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में लूट, डकैती, अवैध शराब, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर

गिरोह का मुख्य आरोपी तारा सिंह कोतवाली नानकमत्ता का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पुलिस अब इस गिरोह के बाकी सदस्यों और उनके नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि देवभूमि को अपराध मुक्त बनाने के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×