ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: September 14, 2026 02:50 PM IST
राज्य

केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर गिरने से आवाजाही प्रभावित

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर सोमवार सुबह चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण यात्रियों की आवाजाही सुरक्षा की दृष्टि से रोक दी गई। सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड ने प्रातः आठ बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को इसकी सूचना दी। मौसम अनुकूल होने के बाद भीमबली से गौरीकुंड की ओर आने वाले यात्रियों को सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक सावधानियों के साथ चरणबद्ध तरीके से निकाला जा रहा है।
सोमवार को चीरबासा क्षेत्र में आसमान में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम में सुधार के साथ ही मार्ग पर आवाजाही को परिस्थितियों के अनुरूप शुरू किया गया। संवेदनशील हिस्से से गुजरने वाले यात्रियों को सुरक्षा बलों की निगरानी में सावधानीपूर्वक आगे बढ़ाया जा रहा है। यात्रियों को किसी भी स्थिति में मार्ग पर रुकने से बचने और सुरक्षा जवानों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार वर्तमान में मौसम अनुकूल होने के दृष्टिगत भीमबली से गौरीकुंड की ओर आने वाले यात्रियों को सुरक्षा मानकों और आवश्यक सावधानियों के साथ चरणबद्ध तरीके से निकाला जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, वाईएमएफ, आपदा मित्र और पुलिस बल की रेस्क्यू टीमें मौके पर तैनात हैं। सभी टीमें यात्रियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं। नंदन सिंह रजवार ने आगे बताया कि चीरबासा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौसम अथवा पहाड़ी की स्थिति में किसी भी प्रकार का बदलाव होने पर यात्रियों की आवाजाही को तत्काल परिस्थितियों के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित तरीके से संवेदनशील क्षेत्र से निकालना है। फिलहाल चीरबासा में स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में बताई जा रही है। रेस्क्यू टीमों की निगरानी में यात्रियों को सुरक्षित रूप से गौरीकुंड की ओर भेजा जा रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक रुकने से बचें और रेस्क्यू टीमों एवं सुरक्षा जवानों के निर्देशों का पालन करते हुए ही आगे बढ़ें।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×