वाहन चालक ने कार को भूतनाथ मंदिर गेट के समीप सड़क किनारे ढलान पर खड़ा कर दिया। चालक वाहन से निकलकर आगे घूमने ही निकला था कि अचानक वाहन ढलान से नीचे उतरकर खाई की ओर चला गया। उस वक्त कार में एक बुजुर्ग महिला और दो मासूम बच्चे बैठे थे।
थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। भूतनाथ मंदिर गेट के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार अचानक ढलान की ओर लुढ़कने लगी। वाहन में एक बुजुर्ग महिला और दो मासूम सवार थे।
अनियंत्रित वाहन तेजी से खाई की ओर बढ़ा, लेकिन तभी किस्मत ने साथ दिया। एक पेड़ से टकराकर वाहन रुक गया, जिससे उसमें सवार लोगों की जान बाल-बाल बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उत्तर प्रदेश का एक वाहन दिल्ली के पर्यटकों को लेकर भूतनाथ मंदिर स्वर्गाश्रम पहुंचा था। पर्यटक वाहन से उतरकर मंदिर में दर्शन के लिए चले गए।
इस दौरान वाहन में एक बुजुर्ग महिला और लगभग छह और आठ वर्ष की उम्र के दो मासूम बच्चे बैठे रहे। वाहन चालक ने कार को सड़क किनारे ढलान पर खड़ा कर दिया था। चालक जैसे ही थोड़ी दूरी पर आगे बढ़ा, तभी वाहन अचानक ढलान से नीचे खाई की ओर लुढ़कने लगा।
वाहन खाई में गिरने से पहले एक पेड़ से टकराकर रुक गया। परिजन जैसे ही घटना से अवगत हुए, तुरंत वाहन की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग महिला और दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना के बाद बुजुर्ग और बच्चे सहम गए थे। पूछताछ में पता चला कि वाहन में बैठे एक मासूम ने अनजाने में गियर से छेड़छाड़ कर दी, जिससे कार आगे बढ़ गई। सूचना मिलने पर थाना लक्ष्मणझूला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को बाहर निकाला।






.jpeg)







