ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: December 02, 2025 10:57 AM IST
उत्तराखंड

आरएसएस शताब्दी वर्ष के अवसर पर व्यापक गृह जनसंपर्क अभियान शुरू

इस अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र द्वारा की गई। यह अभियान 16 दिसंबर तक संचालित किया जाएगा।

अभियान के दौरान संघ के स्वयंसेवक प्रत्येक बस्ती के हर परिवार से संपर्क कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने संघ की 100 वर्षों की यात्रा, महत्वपूर्ण उपलब्धियों और संघ द्वारा किए गए सामाजिक एवं सेवा कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही, समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए प्रत्येक परिवार को किसी न किसी सेवा या जनजागरण गतिविधि से जुड़ने के लिए प्रेरित भी किया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख एडवोकेट प्रदीप लोहनी ने बताया कि 14 नवंबर से 18 दिसंबर 2025 तक चलने वाले इस व्यापक गृह संपर्क अभियान का उद्देश्य संघ के विचार, संस्कार, सेवा, परंपरा और सामाजिक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि समाज के हर वर्ग में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।

संपर्क अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने परिवारों को संघ के ‘पंच परिवर्तन’ अपनाने के लिए प्रेरित किया। इन पंच परिवर्तनों का लक्ष्य व्यक्ति, परिवार, समाज, पर्यावरण और राष्ट्र के समग्र विकास की दिशा तय करना है। संघ का मत है कि समाज निर्माण का मूल आधार—संस्कार, अनुशासन, सेवा और संगठन है, और अपनी 100 वर्षों की परंपरा में संघ इन मूल्यों को निरंतर सुदृढ़ करता आ रहा है।

हल्द्वानी नगर की विभिन्न बस्तियों में प्रतिदिन स्वयंसेवकों की टोलियाँ बनाकर गृह संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान कई परिवारों ने संघ के सामाजिक एवं सेवा कार्यों में रुचि व्यक्त की तथा आगे विभिन्न गतिविधियों में सहभागी बनने की इच्छा जताई। स्थानीय लोगों ने भी स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे समाज परिवर्तन के प्रयासों की सराहना की और इसे समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×