नगर पालिका परिषद लोहाघाट द्वारा शहर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए वर्षों से जमा लेगेसी वेस्ट (पुराने कूड़े के ढेर) के निस्तारण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस कार्य के लिए पालिका प्रशासन द्वारा ट्रोमल मशीन के माध्यम से वैज्ञानिक पद्धति अपनाई जा रही है, जिससे कचरे का व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से निस्तारण संभव हो पा रहा है। अधिशासी अधिकारी सौरभ ने व नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रोमल मशीन के जरिए कूड़े को छानकर जैविक और अजैविक कचरे को पूरी तरह अलग किया जा रहा है। इससे जहां जैविक कचरे को उचित तरीके से निस्तारित किया जा रहा है, वहीं अजैविक कचरे को पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) की प्रक्रिया के लिए अलग किया जा रहा है। इस वैज्ञानिक प्रक्रिया से पुराने कूड़े के ढेर धीरे-धीरे समाप्त हो रहे हैं और शहर में स्वच्छता का स्तर भी बेहतर हो रहा है।
उन्होंने बताया कि लेगेसी वेस्ट के निस्तारण से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि भूमि और पर्यावरण प्रदूषण को भी काफी हद तक कम किया जा सकेगा। लंबे समय से पड़े कूड़े के ढेर से निकलने वाली दुर्गंध और गंदगी से भी लोगों को राहत मिलेगी। नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि लोहाघाट को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर बनाने के लिए पालिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने नगरवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि सभी नागरिक कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक होकर कूड़े को इधर-उधर न फैलाएं और स्वच्छता के नियमों का पालन करें, तो “स्वच्छ लोहाघाट, स्वस्थ लोहाघाट” का सपना जल्द साकार किया जा सकता है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik