ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: July 05, 2026 02:07 PM IST
राज्य

बन्नाखेड़ा बल्ली बैरियर के पास दिखा गुलदार,ग्रामीणों में दहशत

रूद्रपुर। रविवार तड़के जनपद के बाजपुर क्षेत्र स्थित बन्नाखेड़ा बल्ली बैरियर के पास  सड़क किनारे एक गुलदार दिखाई दिया। अचानक गुलदार के नजर आने से वहां से गुजर रहे राहगीरों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए दूर से गुलदार की तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिए, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुलदार कुछ देर तक सड़क किनारे झाड़ियों के आसपास घूमता रहा। इस दौरान वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक लिए और सुरक्षित दूरी बनाकर स्थिति का जायजा लिया। कुछ देर बाद गुलदार जंगल की ओर चला गया, लेकिन उसके दिखाई देने की खबर पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर सतर्क रहने की सलाह दी।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग भी अलर्ट हो गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर टीम मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान भी चलाएगी। वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी गुलदार दिखाई दे तो उसके पास जाने, उसे घेरने या फोटो और वीडियो बनाने के लिए नजदीक जाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या स्थानीय पुलिस को सूचना दें।
अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों के साथ-साथ वन विभाग की टीम भी पूरी तरह सतर्क है। वहीं वन विभाग अधिकारी उमाशंकर तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी लोगों को सतर्क रहने की बात कही है। साथ ही उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों को अगस्त बढ़ाने की को लेकर दिशा निर्देश भी जारी किए गए हैं।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×