पौड़ी: पहाड़ के गांव लगातार वन्यजीव हमलों से त्रस्त हैं। ताजा मामला डोभाल ढांडरी गांव, पौड़ी ब्लॉक का है, जहां खेत में घास लेने गई 62 वर्षीय महिला भगवानी देवी पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, भगवानी देवी पत्नी पूरण सिंह नेगी, खेत में घास लेने गई थीं। अचानक गुलदार ने उन पर हमला किया। आसपास की अन्य महिलाएं शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाने में सफल रहीं, जिससे गुलदार मौके से भाग गया, लेकिन तब तक महिला को गंभीर चोटें पहुंच चुकी थीं।
ग्रामीणों ने घटना के बाद वन विभाग पर नाराजगीव्यक्त की। उनका कहना है कि अधिकारी केवल रेंज स्तर पर घटनाओं का निरीक्षण करते हैं और बड़े अधिकारी मौके पर नहीं आते। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि पिछले 24 घंटों में गुलदार ने दो हमले किए हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है। कई ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को मारने की अनुमति देने की मांग भी की है।
डीएफओ अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कैमरा ट्रैप और पिंजरे लगाए गए हैं और गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की भावनाओं को देखते हुए उच्च अधिकारियों से अनुमति मांगी गई है और निर्देश मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik