आस्था के महापर्व कुंभ 2027 की तैयारियों को अब नई ऊर्जा मिल गई है। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है, जिससे मेले से जुड़े अवस्थापना विकास, घाटों के सौंदर्यीकरण और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में तेजी आएगी।
हरिद्वार में जनवरी से अप्रैल 2027 तक कुंभ मेला आयोजित होना है। राज्य सरकार पहले ही इसे दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर चुकी है। अब केंद्र से मिली इस आर्थिक सहायता को आयोजन की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनराशि जारी करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है।
सीएम ने कहा कि स्वीकृत धनराशि से आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी। इससे देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव रहा है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार सहित विभिन्न विकास योजनाओं में केंद्र का सहयोग राज्य के लिए संबल साबित हुआ है।
उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित होगा। राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए दिव्य और भव्य कुंभ के सफल आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik