विकासनगर: जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि कल ही खाद्य मंत्री के इशारे पर घटिया/मिलावटी नमक मामले में राशन विक्रेताओं और अन्य को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि घटिया नमक खरीद में मिलीभगत और कमीशनखोरी के मामले में खाद्य मंत्री को नोटिस जारी होना चाहिए था, जिनके इशारे पर यह घटिया नमक खरीदा गया।
उन्होंने कहा कि हैरान करने वाली बात यह है कि सील बंद नमक, जैसा कि सरकार द्वारा राशन विक्रेताओं को मुहैया कराया गया, वही विक्रेता उपभोक्ताओं को वितरित कर रहे हैं, इसमें विक्रेताओं की कोई गलती नहीं है।
रघुनाथ सिंह नेगी ने आगे कहा कि विक्रेताओं ने घर पर यह नमक नहीं बनाया। मोर्चा ने कई महीने पहले ही घटिया (अघुलनशील) नमक को लेकर सरकार और खास तौर पर खाद्य मंत्री को चेताया था कि अपनी कमीशनखोरी के चक्कर में जनता के जीवन को संकट में न डालें। नमक आपूर्ति करने वाली कंपनी, गंधार फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, गुजरात को नोटिस जारी हो गए, लेकिन खाद्य मंत्री को कब नोटिस जारी होंगे, यह अभी सवाल है।
मोर्चा सरकार से मांग करता है कि खाद्य मंत्री की मिलीभगत/कमीशनखोरी के मामले में संज्ञान लें और राशन विक्रेताओं को जारी नोटिस वापस लेने के निर्देश दें।
पत्रकार वार्ता में मोहम्मद असद और प्रवीण शर्मा पिन्नी मौजूद थे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik