ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: February 23, 2026 09:22 PM IST
  • Updated: February 23, 2026 09:22 PM IST
उत्तराखंड

वनभूलपुरा अतिक्रमण मामले में हाई कोर्ट के संभावित फैसले से पहले हल्द्वानी में अलर्ट, ड्रोन से निगरानी

हल्द्वानी। वनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण मामले की सुनवाई को लेकर उत्तराखंड हाई कोर्ट में निर्धारित तिथि से पहले पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। माना जा रहा है कि हाई कोर्ट इस प्रकरण में मंगलवार को महत्वपूर्ण निर्णय सुना सकता है।

इसी क्रम में सोमवार को एसपी सिटी मनोज कत्याल ने वनभूलपुरा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी ने बताया कि अतिक्रमण मामले में मंगलवार को हाई कोर्ट में सुनवाई निर्धारित है, जिसके मद्देनजर पूरे क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी बल की तैनाती कर दी गई है। पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी, जबकि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

इससे पूर्व जिलाधिकारी के निर्देश पर वनभूलपुरा क्षेत्र में लाइसेंसी शस्त्र अस्थायी रूप से जमा करवा लिए गए हैं, ताकि कानून व्यवस्था प्रभावित न हो। वहीं रेलवे क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे पुलिस अधीक्षक अरुण भारती भी रेलवे पुलिस बल के साथ मौके पर तैनाती सुनिश्चित कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि वनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ दायर याचिका पर हाई कोर्ट में सुनवाई अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। संभावित निर्णय को देखते हुए पुलिस-प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×