हल्द्वानी में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं।
टीपी नगर चौकी क्षेत्र में खनन सामग्री से लदे एक बेकाबू डम्पर ने 28 वर्षीय युवक अनिल रौतेला को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए।
मृतक की पहचान अनिल रौतेला पुत्र हरीश रौतेला, निवासी कैंची धाम तहसील हरतपा गांव के रूप में हुई है। अनिल Chola Mandalam Finance Limited में कलेक्शन एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थे और अपने परिवार का सहारा थे।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे अनिल घर से पास के एक फास्ट फूड सेंटर पर मोमो खाने गए थे। इसी दौरान टीपी नगर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे डम्पर (UA04 D 4346) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल के पेट और पैर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन जिंदगी की जंग लड़ते हुए अनिल ने कुछ घंटों बाद दम तोड़ दिया।
यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि तेज रफ्तार और लापरवाही की एक और दर्दनाक मिसाल बन गया है। पीछे छूट गया एक परिवार, जिसकी उम्मीदें और सपने एक ही पल में टूट गए।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब सड़कों पर दौड़ते ऐसे बेकाबू वाहनों पर लगाम लगेगी।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik