ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: February 28, 2026 12:30 PM IST
  • Updated: February 28, 2026 12:32 PM IST
उत्तराखंड

हल्द्वानी: बेरीपड़ाव में डंपर ने स्कूटी को रौंदा, युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत; लिफ्ट लेने वाली युवती की हालत नाजुक

हल्द्वानी (नैनीताल): खुशियों की उम्मीद और काम पर जाने की जल्दी शनिवार की सुबह एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाला मातम लेकर आई। बेरीपड़ाव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के ठीक सामने हुए एक भीषण हादसे ने हर किसी का कलेजा दहला दिया। एक अनियंत्रित डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक का सिर कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

लिफ्ट बनी काल: चंद मिनटों में उजड़ गई दुनिया

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिम्मतपुर चौमवाल निवासी कार्तिक कांडपाल (32 वर्ष) शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपनी स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनके ही गांव की नेहा कांडपाल (25 वर्ष) ने उनसे लिफ्ट ली। नेहा अशोक लीलैंड कंपनी में कार्यरत है और रोज की तरह अपने काम पर जा रही थी। किसे पता था कि यह सफर मौत के मुहाने तक ले जाएगा।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही स्कूटी गांव की सड़क से मुख्य हाईवे पर चढ़ी, कार्तिक ने आगे चल रहे एक डंपर (UK 01-CA 3035) को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ा और स्कूटी सीधे डंपर के नीचे जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि कार्तिक का सिर डंपर के टायर के नीचे आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

परिजनों में कोहराम, अस्पताल में जिंदगी की जंग

हादसे में नेहा के सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे लहूलुहान हालत में तत्काल हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया। कार्तिक के घर में चीख-पुकार मची हुई है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×