ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 21, 2026 05:46 PM IST
  • Updated: March 21, 2026 05:49 PM IST
उत्तराखंड

हल्द्वानी में गूंजा “भारत माता की जय”: अग्निवीरों ने किया रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भव्य स्वागत

हल्द्वानी में उस समय देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आगमन पर 112 से अधिक चयनित अग्निवीरों ने “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों के साथ उनका स्वागत किया।

देवभूमि उत्तराखंड के इन युवाओं का जोश और उत्साह हर किसी के चेहरे पर गर्व की चमक ले आया। इस मौके पर रक्षा मंत्री ने सभी अग्निवीरों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि “भारत मां की रक्षा के लिए आगे बढ़ रहे आप सभी का भारतीय सेना में स्वागत है।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने चयनित अग्निवीरों को प्रतीक स्वरूप तिलक लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य और देश सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।

ये सभी युवा यूथ फाउंडेशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर सेना में चयनित हुए हैं। संस्था के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने बताया कि इस बार उनके 752 अभ्यर्थियों में से 710 का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन से यूथ फाउंडेशन राज्य के युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करता है, जिसमें लिखित परीक्षा और शारीरिक परीक्षण दोनों की तैयारी कराई जाती है। अब तक 15 हजार से अधिक युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बलों और पुलिस में भर्ती कराकर राष्ट्र सेवा के लिए तैयार किया जा चुका है।

रक्षा मंत्री ने कर्नल कोठियाल के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की और चयनित अग्निवीरों के साथ समूह फोटो भी खिंचवाई।

गौरतलब है कि कर्नल अजय कोठियाल एवरेस्ट विजेता होने के साथ-साथ सेना के विशिष्ट पदकों से सम्मानित हैं और केदारनाथ आपदा के बाद पुनर्निर्माण कार्यों में उनकी भूमिका को देशभर में सराहा गया था।

हल्द्वानी का यह आयोजन न केवल युवाओं के लिए प्रेरणादायक रहा, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बन गया।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×