ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: February 06, 2026 05:02 PM IST
  • Updated: February 06, 2026 05:02 PM IST
उत्तराखंड

ईवीसीएल क्रिकेट लीग के नाम पर 32 लाख की ठगी का खुलासा, कथित आयोजक गिरफ्तार

हल्द्वानी। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाली बहुचर्चित ईवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) के नाम पर की गई बड़ी धोखाधड़ी का नैनीताल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दो टीम मालिकों से कुल 32 लाख रुपये की ठगी करने वाले कथित आयोजक विकास ढाका को काठगोदाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसके लेनदेन से जुड़े दो बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए आरोपी को 6 फरवरी को मल्ला काठगोदाम से दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार हरियाणा निवासी हेमंत शर्मा और पूर्व विधायक नारायण पाल ने थाना काठगोदाम में तहरीर देकर बताया था कि विकास ढाका ने ईवीसीएल क्रिकेट लीग में अंतरराष्ट्रीय और रणजी स्तर के नामचीन खिलाड़ियों के शामिल होने का झांसा देकर उनसे टीम फ्रेंचाइजी के नाम पर लाखों रुपये वसूले।

डिस्काउंट का लालच, लाखों की ठगी

जांच में सामने आया कि आरोपी ने हेमंत शर्मा को यूपी वॉरियर्स टीम की फ्रेंचाइजी 50 लाख रुपये बताकर ‘डिस्काउंट’ के नाम पर 30 लाख में सौदा तय किया और उनसे कुल 23 लाख रुपये वसूल लिए। वहीं पूर्व विधायक नारायण पाल से उत्तराखंड सोल्जर्स टीम के नाम पर 9 लाख रुपये की ठगी की गई।

न टूर्नामेंट, न खिलाड़ी—पूरी तरह फर्जी निकला आयोजन

टूर्नामेंट की शुरुआत 1 फरवरी 2026 तय की गई थी, लेकिन न तो लीग शुरू हुई और न ही कोई ठोस तैयारी सामने आई। जब कथित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस लीग के बारे में अनभिज्ञता जताई। न टीमों की ड्रेस बनी, न लोगो और न ही कोई आधिकारिक प्रचार सामग्री।

पूर्व नियोजित साजिश की आशंका

पुलिस का मानना है कि विकास ढाका पहले से ही क्रिकेट लीग के नाम पर मोटी रकम हड़पने की नीयत से काम कर रहा था। संदिग्ध लेनदेन पाए जाने पर उसके बैंक खातों को तत्काल फ्रीज कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस की अपील

नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बड़े आयोजन, निवेश या फ्रेंचाइजी में धन लगाने से पहले उसकी प्रामाणिकता और पंजीकरण की पूरी जांच अवश्य करें। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पीड़ितों की तलाश की जा रही है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×