उत्तराखंड पुलिस की CID टीम को धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड धोखाधड़ी मामले में बड़ी सफलता मिली है। हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में लाखों रुपए का आर्थिक घोटाला करने के आरोप में वांछित और 50 हजार रुपए के इनामी अनिल कुमार तिवारी को मुंबई से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना वर्ष 2018 में शुरू हुई थी, जब कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज हुआ। जांच में खुलासा हुआ कि धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड ने स्थानीय नागरिकों को RD और FD कराने के नाम पर विभिन्न बॉन्ड और सर्टिफिकेट जारी कर लगभग 12,26,800 रुपए की धोखाधड़ी की।
जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी के संचालक अनिल कुमार तिवारी और देवेंद्र प्रकाश तिवारी इसमें शामिल थे। दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी बीते सात सालों से फरार थे और इनके खिलाफ कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से 9 उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में लंबित हैं।
सीआईडी की टीम लगातार आरोपियों की तलाश में विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने 7 दिसंबर 2025 को मुंबई के कल्याण में दबिश देकर अनिल कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया। आरोपी को ठाणे के स्थानीय न्यायालय में प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया है और अब उसे हरिद्वार लाया जा रहा है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik