देहरादून। राजधानी के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र का मोहब्बेवाला चौक बुधवार तड़के 'अग्नि तांडव' का गवाह बना। राजस्थान से टाइल्स की खेप लेकर आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खड़ी कार पर पहाड़ की तरह टूट पड़ा। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते हाईवे पर आग का गोला बन गए।
आशारोड़ी की ढलान बनी काल, केबिन से कूदकर बचा चालक बताया जा रहा है कि ट्रक चालक राजस्थान से टाइल्स लेकर शहर की ओर आ रहा था। आशारोड़ी की ढलान पर अचानक ब्रेक ने साथ छोड़ दिया या रफ्तार का कहर, ट्रक बेकाबू हो गया। मोहब्बेवाला में एक होटल के बाहर खड़ी ब्रेजा कार को चपेट में लेते हुए ट्रक उसके ऊपर ही पलट गया। आग की लपटें आसमान छूने लगीं। मौत को सामने देख ट्रक चालक ने केबिन से छलांग लगा दी। गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया, लेकिन उसकी जान बच गई।
सो रहे लोगों की फटी रह गईं आँखें तड़के हुए इस धमाके और आग की ऊंची लपटों को देखकर स्थानीय निवासी दहशत में घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही पटेल नगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों ने भारी जोखिम उठाते हुए घंटों की मशक्कत के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक दोनों वाहन जलकर कंकाल बन चुके थे।
किस्मत अच्छी थी कि कार खाली थी हादसे का शिकार हुई ब्रेजा कार भगवानपुर निवासी एक व्यक्ति की बताई जा रही है, जो रात में होटल में रुके थे। गनीमत रही कि कार में कोई सवार नहीं था, वरना मंजर और भी हृदयविदारक हो सकता था।
चालक की शिनाख्त में जुटी पुलिस कोतवाली पुलिस के अनुसार, घायल चालक अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। ट्रक की आरसी से मिले मोबाइल नंबर भी बंद आ रहे हैं। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटा दिया गया है ताकि सुबह के यातायात में बाधा न आए।
आशारोड़ी से मोहब्बेवाला के बीच की ढलान एक बार फिर खतरनाक साबित हुई है। भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार इस क्षेत्र में लगातार हादसों को दावत दे रही है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik