देहरादून जिले में मार्च-अप्रैल 2026 के दौरान 10 डेंगू पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बरतते हुए एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को डेंगू और मलेरिया से निपटने के लिए तैयारी पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के अनुसार, अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड अनिवार्य होंगे, जिनमें मच्छरदानी और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। पॉजिटिव मामलों को आईडीएसपी पोर्टल पर तुरंत अपलोड करना भी जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल एलाइजा पॉजिटिव मरीजों को ही डेंगू संक्रमित माना जाएगा। इससे पहले कई बार कार्ड टेस्ट में पॉजिटिव आने वाले मरीजों को भी डेंगू मान लिया जाता था, जबकि एलाइजा जांच में उन्हें निगेटिव पाया गया।
आमतौर पर डेंगू के मामले जुलाई के बाद सामने आते हैं, लेकिन इस बार मार्च-अप्रैल में ही मरीज मिलने से विभाग ने आवश्यक सतर्कता बरतना शुरू कर दिया है। इसके तहत सभी अस्पतालों को एहतियातन आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने, मच्छरदानी और दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और मरीजों की सही पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले सात वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, देहरादून में डेंगू के मामले साल दर साल बढ़ते देखे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि अभी स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन आगे बढ़ते मामलों से निपटने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik