देहरादून में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया। आरोप है कि उमेश शर्मा काऊ समर्थकों के साथ निदेशालय पहुंचे और वहां मारपीट की।
घटना के बाद राजधानी की सियासत में भूचाल आ गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने निदेशक के कमरे में घुसकर दरवाजा बंद किया और मारपीट की। कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
हमले में घायल हुए अजय कुमार नौडियाल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका कोरोनेशन अस्पताल में उपचार जारी है। जानकारी के मुताबिक उनके सिर पर चार टांके लगे हैं।
घटना के बाद शिक्षा विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है और चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार से बोर्ड परीक्षाओं का बहिष्कार किया जाएगा।
राजधानी के एक प्रमुख सरकारी कार्यालय में इस तरह की घटना ने प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। विपक्षी दलों ने भी मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब सभी की नजर सरकार और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है—क्या इस सियासी तूफान के बीच बोर्ड परीक्षाएं प्रभावित होंगी या हालात जल्द सामान्य होंगे?






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik