ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: December 05, 2025 02:12 PM IST
उत्तराखंड

देहरादून हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने छह गाड़ियों और दुकानों को मारी टक्कर, भारी नुकसान

देहरादून। राजधानी में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। मोहब्बेवाला क्षेत्र में सुबह करीब 8:30 बजे सीमेंट से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और एक्सप्रेस-वे से उतरते ही सड़क पर चल रही छह गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहंड की ओर से आ रहा ट्रक तेज रफ्तार में था। देहरादून में प्रवेश करते ही अचानक चालक का नियंत्रण ट्रक से हट गया और उसने सामने चल रही कारों, विक्रम टेंपो और अन्य वाहनों को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे बने नाले में जा धंस गया। इस दौरान आसपास की कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा।

नाले में फंसे ट्रक से डीज़ल रिसने पर खतरा और बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस, यातायात विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित किया। फायर ब्रिगेड की कार्रवाई के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रित की जा सकी।

करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सड़क को पूरी तरह से साफ किया गया और यातायात सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया। हादसे के बाद मोहब्बेवाला क्षेत्र में लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×