ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: April 25, 2026 05:09 PM IST
उत्तराखंड

मोटे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों की ठगी

हरिद्वार। कंपनी में पैसे इन्वेस्ट करने पर मोटे मुनाफे का लालच देकर लोगों से करोड़ों की ठगी के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लक्सर निवासी अधिवक्ता विकास कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने बॉट ब्रो नामक कंपनी के देहरादून और लक्सर क्षेत्र में रहने वाले एजेंटों के कहने पर कंपनी के ऑनलाइन प्लेटफार्म पर 10 लाख का निवेश किया था।
एजेंटों ने उन्हें छह से सात फीसदी तक हर महीने मुनाफे की रकम उनके खाते में आने का विश्वास दिलाया था। उनकी तरह ही लक्सर निवासी 40 से अधिक लोगों ने भी कंपनी में 47 लाख से अधिक की रकम लगाई थी। इसके अलावा 250 से अधिक लोगों ने दस करोड़ से अधिक की रकम कंपनी में लगाई है। कुछ समय तक उनके खाते में हर महीने मुनाफे की रकम आती रही, लेकिन इसके बाद कंपनी उन्हें दूसरी वेबसाइट पर माइग्रेट करती रही, लेकिन इस दौरान उन्हें कोई मुनाफा नहीं दिया गया।
इस पर उन्होंने इन्वेस्ट की गई अपनी रकम वापस मांगी तो एजेंट अलग-अलग बहाने बनाकर उन्हें रकम जल्दी मुनाफे के साथ उनके खाते में वापस दिलाने का झांसा देते रहे, लेकिन महीनों का समय बीतने के बाद भी उनके खातों में उनकी इन्वेस्ट की गई रकम वापस नहीं आई। इसके बाद जब उन्होंने एजेंटों से अपने पैसे वापस कराने कहा तो उन्होंने अभद्रता करते हुए पैसे वापस कराने से इनकार कर दिया। अब आरोपित उनका फोन भी नहीं उठा रहे हैं।एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है। बता दें निवेश के नाम पर ठगी के मामले के तार उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर से लेकर दुबई तक जुड़े बताये जा रहे हैं।  लक्सर क्षेत्र के ही 250 से अधिक निवेशकों की दस करोड़ से अधिक की रकम फंसी होने का अनुमान है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×