ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: December 08, 2025 12:50 PM IST
उत्तराखंड

“सीएम धामी ने चमोली सवाड़ में 18वें अमर शहीद मेले का भव्य शुभारंभ किया”

चमोली। रविवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देवाल के सैनिक बाहुल्य सवाड़ गांव पहुंचे और 18वें अमर शहीद मेले का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ थराली विधायक भूपालराम टम्टा, राज्यमंत्री बलवीर घुनियाल, राज्यमंत्री हरक सिंह नेगी और अन्य पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

सवाड़ पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर सीएम धामी का भव्य स्वागत किया। शहीद स्मारक पर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के बाद मेला मंच पर मुख्यमंत्री का शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। मेला समिति ने अमर शहीद मेले को राजकीय मेला घोषित करने की मांग की, जिसे सीएम धामी ने स्वीकार कर घोषणा की।

सीएम धामी ने मंच से कहा कि सवाड़ गांव वीर सैनिकों की फैक्ट्री है। इस गांव के सैनिकों ने पेशावर कांड, प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध, ऑपरेशन ब्लू स्टार जैसी लड़ाइयों में अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। उन्होंने कहा, “मैं स्वयं एक फौजी का बेटा हूं और इस वीर भूमि में आकर मेरे पिता द्वारा सुनाई गई वीरगाथाएं फिर जीवंत हो उठीं। सवाड़ के वीर सपूत सदैव राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करते आए हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से भारत ने सिद्ध कर दिया कि हमारे सैनिक ही नहीं, बल्कि हमारे स्वदेशी हथियार भी दुनिया के किसी भी आधुनिक हथियार से कम नहीं हैं। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व में सेना में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों पर गर्व व्यक्त किया।

इस अवसर पर थराली विधायक द्वारा सौंपे गए 6-सूत्रीय मांग पत्र को मुख्यमंत्री ने घोषणा में शामिल किया। उन्होंने कहा कि इन सभी मांगों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, नंदादेवी राजजात के बाद ग्वालदम-देवाल-वाण-तपोवन मोटरमार्ग को बीआरओ को सौंपा जाएगा। साथ ही, अमर शहीद मेला सवाड़ को राजकीय मेला घोषित करने के साथ ही तोरती-रामपुर से गुड़प होते हुए कपकोट-बागेश्वर तक सड़क निर्माण की भी घोषणा की।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×